पिथौरागढ़ में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में मल्टी पार्किंग स्टोरी का निर्माण कार्य जनवरी माह में भी पूरा नहीं हो सका। पार्किंग के निर्माण में हो रही देरी से वाहनों को सड़कों पर पार्क करना पड़ रहा है।
पिथौरागढ़ नगर में पार्किंग की सुविधा नहीं है। शहर में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से निपटने के लिए वर्ष 2015 में देव सिंह मैदान के समीप मल्टी पार्किंग स्टोरी की स्वीकृति मिली थी। 18 करोड़ की लागत से बनने वाली इस बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण वर्ष 2017 में पूरा होने की उम्मीद थी लेकिन चार साल बीतने के बाद भी इसका लाभ जनता को नहीं मिल सका है।
दिसंबर 2019 में विधायक चंद्रा पंत ने निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण कर जनवरी तक इसे हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए थे लेकिन जनवरी माह में भी मल्टी पार्किंग स्टोरी का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। बहुमंजिला पार्किंग के एक हिस्से में अभी काम होना बाकी है। फरवरी में भी जनता को इस पार्किंग का लाभ मिलने की उम्मीद नहीं है।
बहुमंजिला पार्किंग में पार्क होंगे 190 वाहन
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ की बहुमंजिला पार्किंग में लगभग 190 वाहन पार्क किए जाएंगे। मल्टी पार्किंग बनने से लोगों को सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने पड़ेंगे। इससे जाम की समस्या से तो निजात मिलेगी ही वाहन स्वामियों को नो पार्किंग में पुलिस की चालान की कार्रवाई से भी नहीं गुजरना पड़ेगा। इसके अलावा पार्किंग स्थल में 50 दुकानें भी बनाई जाएंगी।