पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में करोड़ों की लागत से बनी बहुमंजिली पार्किंग का संचालन नगर पालिका करेगी। यह पार्किंग पर्यटन विभाग को हैंडओवर होनी है लेकिन पालिका ने बिना हैंडओवर के ही टेंडर जारी कर दिए हैं।
पालिकाध्यक्ष का कहना है कि बहुमंजिली पार्किंग नगर पालिका की जमीन पर बनी है। वहां पहले पालिका की दुकानों समेत पार्किंग स्थल भी था।
देव सिंह मैदान के पास बहुमंजिली पार्किंग बनाने के लिए वर्ष 2015 में स्वीकृति मिली थी। पर्यटन विभाग ने फोकस इन्फोटेक एंड प्राइवेट लिमिटेड से पार्किंग बनवाई है।
करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से वर्ष 2017 में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन इसका निर्माण कार्य पिछले वर्ष सितंबर में पूरा हो सका था।
पेयजल और बिजली कनेक्शन न होने के कारण हैंडओवर की प्रक्रिया रुक गई थी। इसमें अब भी देरी हो रही है। हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही पालिका ने बहुमंजिली पार्किंग के टेंडर जारी कर दिए हैं। टेंडर प्रक्रिया की अंतिम तिथि 15 जुलाई रखी गई है।
नगर पालिका 1990 से कर रही पार्किंग व्यवस्था
पिथौरागढ़। पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पालिका 1990 से यहां पर पार्किंग की व्यवस्था करती है। जमीन भी पालिका की है। तो पार्किंग व्यवस्था भी पालिका ही करेगी। इस कारण टेंडर निकाले गए हैं।
पूर्व में पालिका की इस स्थान पर कुछ दुकानें भी थीं। इससे पहले अपने कार्यकाल में यहां पर छह करोड़ की लागत से पालिका पार्किंग बनवा रही थी। इस कारण यहां पर स्थित दुकानों को तोड़कर लोगों के लिए अन्य जगह दुकानें बनाईं गईं।
सरकार बदलने के बाद दूसरी संस्था को निर्माण कार्य दे दिया। नगर में बढ़ रहे वाहनों के लिए पार्किंग स्थल जरूरी है। इसका संचालन शीघ्र शुरू होगा तो जनता को अपने वाहन सड़क किनारे पार्क नहीं करने पड़ेंगे। इससे यातायात भी व्यवस्थित होगा।
पार्किंग हैंडओवर करने की कार्यवाही के लिए शासन स्तर से एक पत्र जारी हुआ है। इसमें पालिका को पार्किंग के लिए अधिकृत करने की जानकारी मिल रही है लेकिन अभी पत्र नहीं मिला है। यह पत्र मंगाया जा रहा है। उसमें जो आदेश हुआ होगा, उसी हिसाब से पार्किंग का संचालन किया जाएगा।
- आनंद स्वरूप, डीएम, पिथौरागढ़।