राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढूनामानी में पैरा टीचर पद पर तैनात नंदू सिंह भंडारी (35) पुत्र लाल सिंह भंडारी की सोमवार रात मदकोट बाजार में खाई में गिरकर मौत हो गई। उनका शव रातभर खाई में पड़ा रहा। मंगलवार सुबह कुछ मजदूरों में खाई में गिरा हुआ शव देखा और आसपास के लोगों को सूचना दी। मुनस्यारी से पहुंचे थाना प्रभारी चंदन सिंह बिष्ट ने परिजनों की मौजूदगी में शव की शिनाख्त कराई। जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां पर पहले दो और लोगों की भी खाई में गिरकर मौत हो गई थी।
मूल रूप से ढूनामानी निवासी नंदू सिंह भंडारी का परिवार पिछले कई वर्षों से मदकोट बाजार में रह रहा है। नंदू सिंह रोज मदकोट से ढूनामानी स्कूल के लिए आवाजाही करते हैं। स्कूल से आने के बाद सोमवार शाम वह मदकोट बाजार आए थे और रात के समय अपने कमरे को लौट रहे थे, लेकिन वह घर नहीं पहुंचे। परिवार के लोगों ने रात में कुछ देर तक उनकी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। थाना प्रभारी ने बताया कि खाई में गिरने के कारण नंदू सिंह के सिर पर चोट लग गई थी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पैरा टीचर के दो छोटे बच्चे हैं। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार में इस खतरनाक स्थान पर रेलिंग लगाई जाए, ताकि बार-बार होने वाली घटनाओं पर अंकुश लग सके।