पिथौरागढ़। बारिश रुकते ही जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आनी लगी हैं। धारचूला हाईवे पर पलेटा के पास जंगल में आग लग गई जो पूरी रात लगी रही और लाखों की वन संपदा नष्ट हो गई। जंगल से आग की भीषण लपटें उठतीं रहीं लेकिन वन विभाग को घटना की भनक तक नहीं लगी। रेंजर का कहना है कि आग लगाने वाले अराजकतत्वों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
पलेटा के पास बीते बुधवार देर शाम आग लग गई। कुछ ही देर में जंगल के बड़े दायरे को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। इससे वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अंजान रहे। दूसरे दिन बृहस्पतिवार सुबह आग खुद बुझ गई। बीते दिनों इस क्षेत्र में वन विभाग ने फायर लाइन भी बनाई।
इसके बाद भी जंगल में आग लगने से इस अभियान पर सवाल उठ रहे हैं। बीते दिनों बारिश होने से वनाग्नि की घटनाओं पर रोक लगी थी लेकिन बारिश रुकते ही फिर से जंगल धधकने लगे हैं इससे वन विभाग की चिंता बढ़ गई है।
रेंजर दिनेश जोशी ने बताया कि अराजक तत्व जंगल में आग लगा रहे हैं। इनकी पहचान कर इनके खिलाफ कार्रवाई होगी। वन विभाग जंगलों को आग से सुरक्षित बचाने के लिए गंभीर है।