अस्कोट के राजमहल में पाल राजवंश के वारिस रजवार भानुराज के साथ विदेशी मेहमान
- फोटो : अमर उजाला
मानवता पर डाक्यूमेंट्री फिल्म बना रहे विदेशी मेहमानों की अस्कोट पाल राजवंश के वर्तमान वारिस रजवार भानुराज पाल ने अस्कोट राजमहल में मेहमाननवाजी की। पाल राजवंश की मेहमाननवाजी से विदेशी मेहमान अभिभूत नजर आए।
मुंबई के डाक्यूमेंट्री फिल्म मेकर राहुल हिमांती पांडे के नेतृत्व में पोलैंड निवासी युवती एंजिल किस कोसमाला, यूक्रेन की युवती ड्योनिवो ओलगो, रूस निवासी डार्जनोव एलकेसी, हैती निवासी मैक्स स्टीफन आलीवर फैबलस, लिथूनिया निवासी रोकस जीसीवीसियश, फ्रांस निवासी लियोनिल मार्टिनेज मानवता पर लघु फिल्म बना रहे हैं। यह लोग हल्द्वानी, नैनीताल, रानीखेत, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में फिल्मांकन कर चुके हैं। शनिवार को यह दल पाल राजाओं की अतीत की राजधानी अस्कोट पहुंचा। जहां पाल राजवंश के वर्तमान वारिस रजवार भानुराज पाल ने दल का स्वागत किया।
उन्होंने विदेशी मेहमानों को पाल राजाओं के शासनकाल के बारे में जानकारी दी। शनिवार को दल ने अस्कोट में विभिन्न दृश्य फिल्माए। राजमहल को भी कैमरे में कैद किया। शनिवार को इन लोगों ने राजमहल में रात्रि विश्राम किया। दल ने पाल राजवंश के वारिस रजवार भानुराज पाल की मेहमाननवाजी की तारीफ की। दल का यहां से धारचूला, मुनस्यारी जाने का कार्यक्रम है।