पहाड़ पर लोगों की सेहत से स्वास्थ्य महकमा किस तरह खिलवाड़ कर रहा है, इसका नमूना गंगोलीहाट में देखने को मिला। लोगों की शिकायत पर एसडीएम ने स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों के साथ छापेमारी की तो यूपी के रामपुर और मुरादाबाद के तीन लोग फर्जी डेंटल क्लीनिक संचालित करते पाए गए। तीनों क्लीनिकों को सीज कर फर्जी डेंटिस्टों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मंगलवार को एसडीएम प्रमोद कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. कुंदन कुमार, तहसीलदार डिगर सिंह महरा, थानाध्यक्ष केएस नेगी, राजस्व उप निरीक्षक बीपी पंत को साथ लेकर गंगोलीहाट में हिमालया डेंटल क्लीनिक एवं लैब, मुस्कान डेंटल क्लीनिक और शिखा डेंटल क्लीनिक में छापेमारी कर कागजातों की पड़ताल की। किसी के पास डेंटल क्लीनिक चलाने के लिए वैध डिग्री, डिप्लोमा और लाइसेंस नहीं मिला।
एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने हिमालया डेंटल क्लीनिक को संचालित कर रहे रामपुर (उत्तर प्रदेश) के शाकिर अली, मुस्कान डेंटल क्लीनिक के मुफ्तियाज रामपुर, शिखा डेंटल क्लीनिक के संचालक मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) निवासी जाबुक अली को धोखाधड़ी, जालसाजी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। फर्जी क्लीनिकों का सामान भी जब्त कर लिया है। ये क्लीनिक एक साल से चल रहे थे।