पिथौरागढ़ में उत्कृष्ट आशा कार्यकत्री को सम्मानित करते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान बेहतर काम करने वाली आशा कार्यकर्त्रियों, आशा फैसिलिटेटरों और ब्लॉक समन्वयकों को बुधवार को हिमालयन अध्ययन केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से हर साल यह सम्मान समारोह आयोजित किया जाता है।
इस वर्ष का आशा फैसिलिटेटर का प्रथम पुरस्कार भागीरथी भट्ट और माहेश्वरी जोशी को दिया गया। उनको पांच-पांच हजार रुपये मिले। ब्लॉक समन्वयकों में कृष्णानंद चौंसाली को प्रथम पुरस्कार मिला। आशा कार्यकत्री जयंती चंद और आशा फैसिलिटेटर रेवती जोशी को दूसरा पुरस्कार, आशा कार्यकत्री हेमा राणा और आशा फैसिलिटेटर मीना टोलिया को तीसरा पुरस्कार दिया गया। हिमालय अध्ययन केंद्र के निदेशक डा. दिनेश जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का दूसरा चरण अप्रैल से शुरू होगा। इसमें समुदाय आधारित स्वास्थ्य कार्यक्रम पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जाएगा। अब सारे स्वास्थ्य कार्यक्रम पंचायतों के माध्यम से होंगे। नए चरण के लिए प्रशिक्षण के कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
बृहस्पतिवार से प्रशिक्षण शुरू हो जाएंगे। सीएमओ डा. यूएस अधिकारी ने कहा कि आशा कार्यकर्त्रियों के सहयोग से विभागीय लक्ष्य आसानी से हासिल हो रहे हैं। जिला कार्यक्रम प्रबंधक हिमांशु पांडे ने सभी आशाओं से और मेहनत से काम करने को कहा। हेमलता जोशी ने आशाओं से बेहतर काम करने की अपील की। संचालन केएन चौंसाली ने किया। इस मौके पर भुवन पांडे, प्रेमा जोशी, कल्याण सिंह मेहता, जगदीश आर्या, गीता आर्या, सपना राणा, गंभीर सिंह मेहता, भुवन पंत आदि मौजूद थे।