डीडीहाट में जर्जर हालत में पहुंचा एक आवासीय मकान
- फोटो : अमर उजाला
नगरपालिका क्षेत्र में प्रशासन ने जर्जर हालत में पहुंच चुके 18 मकानों को खाली करने का आदेश दे दिया है। लगातार हो रही बारिश और भविष्य में ज्यादा बारिश की आशंका को देखते हुए सावधानी के तौर पर यह कदम उठाया गया है। इन मकानों में तीन दुकानें भी संचालित हो रही हैं, उनको भी शिफ्ट किया जाएगा। जिलाधिकारी सी रविशंकर के निर्देश पर तहसील प्रशासन और पुलिस ने नगर के चारों वार्डों में जर्जर मकानों की सूची तैयार की है। यह मकान ज्यादा बारिश के समय ढहने की स्थिति में पहुंच चुके हैं।
थाना प्रभारी जीएस सामंत ने बताया कि नगर के तहसील वार्ड, मलिन बस्ती, जीआईसी वार्ड, शिमला कालोनी में जर्जर मकान मिले हैं। इन मकानों में गरीब परिवारों के लोग रह रहे हैं। मानसून सीजन में खतरे को देखते हुए प्रशासन इन परिवारों को अस्थायी तौर पर आवास उपलब्ध कराएगा। बता दें कि जून 2016 में आई आपदा के समय यहां पर कई मकान खतरे से घिर गए थे।
इन परिवारों को आपदा के बाद हटाना पड़ा था और लंबे समय तक इन परिवारों को स्कूलों और पंचायतघरों में रहना पड़ा। इस बार प्रशासन ने खतरा होने से पहले ही मकानों को खाली करने का आदेश दे दिया है। पुलिस सभी मकानों को एक-दो दिन के भीतर खाली करा देगी।