धारचूला-तवाघाट रोड पर घटखोला में यह है सड़क की हालत
- फोटो : अमर उजाला
धारचूला-तवाघाट एनएच पर घटखोला के पास 500 मीटर के हिस्से में लगातार मलबा गिर रहा है। राजमार्ग के ठीक ऊपर से पीएमजीएसवाई सड़क का निर्माण कर रहा है। सड़क निर्माण के दौरान निकला मलबा लगातार राजमार्ग पर फेंका जा रहा है। छह जुलाई को घटखोला के पास एक कार पर मलबा गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई थी।
घटखोला के पास 500 मीटर सड़क दलदल में बदल चुकी है। सीमा सड़क संगठन सड़क के सामने यह समस्या है कि सड़क से कितनी बार मलबा हटाया जाए। घटखोला की पहाड़ी पर कई बड़े पत्थर लटके हैं। यह फिर किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। प्रशासन ने अब तक इस लापरवाही के लिए पीएमजीएसवाई को नोटिस तक नहीं भेजा है। मजिस्ट्रीयल जांच भी अब तक शुरू नहीं हो पाई है। धारचूला-तवाघाट मार्ग पर पैदा हो गए इस नए खतरनाक स्थल से चालक वाहन संचालन में घबरा रहे हैं। पैदल चलने वालों के लिए भी यह खतरनाक बना हुआ है।
व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने एसडीएम से मांग की है कि लोगों के जानमाल की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले घटखोला के पास पहाड़ी पर अटके मलबे और पत्थरों को नीचे गिराया जाए। इसके लिए कुछ दिन तक इस सड़क पर लोगों की आवाजाही बंद की जाए। उन्होंने कहा कि घटखोला में दोबारा घटना होने की आशंका बनी हुई है।
इधर, सीमा सड़क संगठन के साइड इंचार्ज विशन सिंह पिंगल ने बताया कि प्रशासन ने अपने जोखिम पर मलबा हटाने का काम करने की हिदायत दी है। यदि कोई हादसा हुआ तो प्रशासन जिम्मेदारी नहीं लेगा। इस तरह के फरमान से सीमा सड़क संगठन के अधिकारी भी डरे हुए हैं। अभी लंबे समय तक इस सड़क पर आवागमन के समय खतरा बना रहेगा।