हरड़िया वैली ब्रिज से आज से होगा वाहनों का संचालन
- फोटो : अमर उजाला
थल-मुनस्यारी रोड में हरड़िया नाले में लगाए गए वैली ब्रिज से वाहनों का संचालन मंगलवार से शुरू हो जाएगा।
सोमवार को लोनिवि के अधिशासी अभियंता पीसी जोशी के नेतृत्व में टीम ने वैली ब्रिज का निरीक्षण किया है। ब्रिज के दोनों ओर फिलिंग कर दी गई है। इसे हरड़िया नाले से ऊपर उठा दिया गया है ताकि बारिश के समय ब्रिज तक मलबा और पानी न पहुंच सके। यह वैली ब्रिज मरम्मत के नाम पर दो महीने से बंद किया गया है। पुल बंद होने से वाहनों को नाला पारकर निकलना पड़ रहा है। अक्सर नाले में मलबा पटने से वाहन फंस रहे हैं और आवाजाही पर असर पड़ रहा है। बारिश के बाद इस स्थान पर रोड बंद होना आम बात हो गई है।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि हरड़िया में स्थायी तौर पर जेसीबी रखी जाएगी। ताकि मलबा आने पर तत्काल उसे हटाया जा सके। इसके अलावा थल से मुनस्यारी के बीच संवेदनशील स्थानों पर भी जेसीबी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्टाफ को यह निर्देश दे दिए गए हैं कि सड़क मार्ग ज्यादा समय तक बंद न होने दिया जाए।
निरीक्षण के समय सहायक अभियंता गणेश जोशी, अवर अभियंता योगेश चौबे आदि भी थे। नाचनी में लोगों का कहना है कि वैली ब्रिज को मरम्मत के नाम पर दो महीने तक बंद रखना गलत है। वैली ब्रिज की मरम्मत में ही जब इतना समय लग रहा है तो यह चिंता की बात है। क्योंकि वैली ब्रिज को जल्दी से खड़ा किया जाता है।