मुवानी (पिथौरागढ़)। आखिरकार मुवानी- हल्द्वानी केमू बस का संचालन दोबारा शुरू हो गया है। बस संचालन शुरू होने से हल्द्वानी के लिए आवाजाही सुगम होगी। बस सेवा शुरू होने से रामगंगा घाटी की बड़ी आबादी को राहत मिली है।
मुवानी से हल्द्वानी के लिए पहले नियमित केमू बस सेवा संचालित होती थी। दीपावली पर्व के बाद बस के नियमित संचालन में लगातार रुकावट आ रही थी। पिछले माह हल्द्वानी- अल्मोड़ा हाईवे पर पहाड़ी दरकने पर बस का संचालन बंद हो गया था। सड़क मार्ग सुचारू होने के बाद भी बस मुवानी तक नहीं पहुंच रही थी। इसके चलते लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। लोग हल्द्वानी के लिए महंगा किराया देकर टैक्सी में सफर करने के लिए मजबूर थे। अमर उजाला ने रविवार के अंक में फिर बंद हुईं बस सेवा शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेकर केमू प्रबंधन ने बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया है। इससे ग्रामीण इलाकों के लोगों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध होगी। बस सेवा शुरू होने से लोगों ने खुशी व्यक्त की है।