मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोमवार को जिले में 78.12 करोड़ रुपए की 19 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें आठ का सीएम ने लोकार्पण किया तथा 11 का शिलान्यास। सीएम ने सड़कों के निर्माण को ज्यादा प्राथमिकता दी है। उन्होंने मड़मानले, देवलथल और गौरीहाट औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का उद्घाटन भी किया गया।
उधर, कनालीछीना में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि विभिन्न विभागों में 20000 पदों पर नियुक्तियां होंगी। गेस्ट अध्यापक के जरिए अगस्त तक राज्य के सभी ब्लाकों के हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में शिक्षकों की तैनाती हो जाएगी। अतिथि शिक्षकों का ब्लाक कैडर बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ में जल्द मेडिकल कॉलेज, स्पोर्ट्स कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज खोलने की बात कही। पिथौरागढ़ में एक सैनिक स्कूल खोलने की घोषणा भी सीएम ने की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द पुलिस में 1000 महिला सिपाहियों की भर्ती होगी। प्रत्येक थाने में एक महिला इंस्पेक्टर तैनात होगी। आशा कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री राहत कोष से एक-एक हजार रुपए का बोनस देने की घोषणा भी सीएम ने की। सीएम ने बताया कि होमगार्ड, पीआरडी में भी 25 प्रतिशत महिलाओं की भर्ती अनिवार्य कर दी गई है।