ठंड से पहाड़ पर एक युवक की मौत हो गई। आरएफसी गोदाम बाराकोट (चंपावत) में तैनात युवक शनिवार को वेतन लेकर घर लौट रहा था, इस बीच वह किसी काम से गुरना में जीप से उतर गया। खराब मौसम और ठंड के कारण वह रास्ते में ही फंस गया। रविवार सुबह कुछ लोगों ने बेहोशी की हालत में उसे 108 वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिथौरागढ़ के कोतवाल एनबी भट्ट ने बताया कि टकाना निवासी वीरेंद्र सिंह महर (36) पुत्र लक्ष्मण सिंह महर बाराकोट में आरएफसी गोदाम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। वह शनिवार को वेतन लेने के बाद घर को लौट रहा था, लेकिन किसी काम से शाम को करीब सात बजे गुरना के पास जीप से उतर गया। उसे गुरना के पास किसी गांव में जाना था, लेकिन खराब मौसम के कारण वह वहां नहीं पहुंच पाया और रातभर रास्ते के किनारे पड़ा रहा। रविवार सुबह कुछ लोगों ने उसे देखा तो 108 वाहन को सूचना दी। वीरेंद्र की जेब से 9800 रुपए भी मिले हैं।