पिथौरागढ़ के कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम। स्रोत : सूचना विभाग
पिथौरागढ़। हर साल निर्माण और मरम्मत पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी जिले की अधिकांश सड़कों की हालत दयनीय है। इन सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए हो रही बैठकों में भी अधिकारी नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में डीएम ने सख्ती दिखाते हुए बैठक से नदारद अधिकारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को डीएम आशीष भटगांई ने सड़क निर्माण की कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले के एनएच, एसएच और जिला सड़कों को हर हाल में 31 अक्तूबर तक गड्ढा मुक्त बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान लोनिवि के अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचे। डीएम ने इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि अधिकारी जिम्मेदारी से काम नहीं करेंगे तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने ग्रिफ के अधिकारियों से कहा कि आदि कैलाश में मैराथन का आयोजन होना है। मैराथन से पूर्व गुंजी–नपल्चू सड़क मार्ग की मरम्मत की जाएगी। बैठक में एडीएम योगेंद्र सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी निरंजन प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सड़कों की मरम्मत के साथ देनी होगी फोटो
डीएम ने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को निर्देश दिए कि अगली समीक्षा बैठक में सभी सड़कों के मरम्मत कार्यों के उच्च गुणवत्ता वाले फोटोग्राफ्स प्रस्तुत किए जाएं ताकि प्रगति का वास्तविक मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने कहा कि तय समयसीमा के बाद काम की समीक्षा की जाएगी। कार्य संतोषजनक न मिला को संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।