नाचनी (पिथौरागढ़)। लगातार हो रही भारी बारिश से हो रहे भूस्खलन का खामियाजा निजी संचार कंपनी समेत सैकड़ों उपभोक्ताओं को भी भुगतना पड़ रहा है।
नयाबस्ती, हरड़िया में 500 मीटर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में तीन बार केबल टूट चुकी है। इससे तल्ला जोहार से मुनस्यारी तक संचार सेवा प्रभावित रही।
इंटरनेट की अच्छी स्पीड मिलने पर सैकड़ों उपभोक्ताओं ने अपने फोन नंबर को जियो में बदल दिया है लेकिन नया बस्ती हरड़िया में भूस्खलन क्षेत्र कई बार नेटवर्क को बाधित कर रहा है।
जियो कंपनी के जीएम नीरज सिंह ने कहा कि अब नयाबस्ती में गट घोरगाड़ी क्षेत्र से हरड़िया नाला पार तक दो किमी दूरी तक ओवरहेड लाइन का निर्माण किया जाएगा। यह काम पूरा होने पर उपभोक्ताओं को दिक्कत नहीं होगी।
पैय्यापौड़ी में निजी संचार कंपनियों का नेटवर्क भी चौपट
पिथौरागढ़। धारचूला ब्लॉक के पैय्यापौड़ी क्षेत्र के लोग संचार कंपनियों की लचर सेवाओं से परेशान हैं। बीएसएनएल का नेटवर्क पहले से ही बदहाल है।
अब निजी कंपनियों का नेटवर्क भी ठीक से काम नहीं कर रहा है। इंटरनेट ठीक से न चलने के कारण कोरोना कर्फ्यू में वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे लोगों एवं विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नेट न चलने से शिक्षक भी ऑनलाइन शिक्षण कार्य नहीं कर पा रहे हैं। इससे लोगों में गहरी नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने शीघ्र संचार सेवाओं में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
थल उप डाकघर में 17 दिन से ब्रॉडबैंड सेवा ठप
थल (पिथौरागढ़)। उप डाकघर की ब्रॉडबैंड सेवा पिछले 17 दिन बाद भी ठीक नहीं पाई है। इस कारण नये खाते नहीं खुल पा रहे हैं। खाताधारकों के खाता बंदी के साथ लेनदेन में भी काफी दिक्कत हो रही हैं।
महिला एजेंटों की आरडी के लॉट भी जमा नहीं हो रहे हैं। महिला एजेंटों ने कर्फ्यू और ब्रॉडबैंड सेवा के बाधित होने से उन्हें आरडी लॉट में डिफॉल्ट शुल्क में छूट देने की मांग की है। थल उप डाकघर की बीएसएनएल के सरकारी लीज लाइन की ब्रॉडबैंड सेवा चार मई से ठप है।
डाक विभाग के मुख्य कार्यालय देहरादून से भी इसे अपडेट करने की कोशिश की गई, लेकिन पखवाड़ेभर बाद भी विभाग इस सेवा के फॉल्ट को नहीं सुधार सका है। थल के सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश चंद्र पाठक ने डीएम को पत्र लिखकर सेवा बहाली की मांग की है।