पिथौरागढ़ कालेज में प्रदर्शन करते एनएसयूआई कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
एनएसयूआई ने बुधवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में धरना दिया और कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाया कि वह विद्यार्थियों को उनकी इच्छा के अनुसार विषय नहीं दे रहा है। इस कारण कई विद्यार्थियों को भारी असुविधा हो रही है।
एनएसयूआई प्रदेश सचिव दीपक तिवारी और राष्ट्रीय प्रतिनिधि आशीष हावर्ड के नेतृत्व में एकत्र छात्रों ने कहा कि कॉलेज प्रशासन विषयों के आवंटन में दिक्कत पैदा कर रहा है। इतिहास के साथ भूगोल लेने वाले को यह विषय नहीं मिल रहा है। इसी तरह राजनीतिशास्त्र के साथ समाजशास्त्र लेने वाले को यह विषय नहीं दिया जा रहा है।
यही समस्या विज्ञान वर्ग में भी आ रही है। एनएसयूआई ने यह मामला 16 सितंबर को जिले के दौरे पर आ रहे सीएम के सामने उठाने का एलान किया है। धरने पर राहुल लुंठी, सूरज वल्दिया, मोहित पांडे, करन खाती, मुकेश भट्ट, कमल भंडारी आदि कार्यकर्ता बैठे।
छात्रवृत्ति नहीं मिलने पर जताया गुस्सा
सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष अभिषेक बोहरा और छात्रनेता पंकज लुंठी ने समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय जाकर एससी-एसटी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिलने पर गुस्सा जताया। कहा कि लंबे समय से छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं हुआ है। इस कारण गरीब परिवारों के बच्चे गंभीर आर्थिक संकट में हैं। उन्होंने तत्काल समस्या का समाधान करने की मांग की।