बंगापानी से मुनस्यारी तक शराब तस्करी का आरोप लगाते हुए एनएसयूआई ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने मुनस्यारी की बंद सड़कों को खोलने और आपदा प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग उठाई।
बृहस्पतिवार को एनएसयूआई मुनस्यारी के ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम सिंह दानू के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचे लोगों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कहा कि जौलजीबी से मुनस्यारी तक शराब का अवैध कारोबार हो रहा है। बाहरी क्षेत्रों से वाहनों में शराब पहुंचाई जा रही है। प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की है।
इसके अलावा क्षेत्र में आपदा से ध्वस्त सड़कों की मरम्मत नहीं करने पर भी नाराजगी जताई गई। प्रदर्शनकारियों ने जोसा इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को मदकोट इंटर कॉलेज में शिफ्ट करने पर नाराजगी जताई। बाद में 31 सूत्रीय मांग पत्र डीएम को सौंपा गया। प्रदर्शन करने वालों में उमेश धामी, बहादुर सिंह कोरंगा, सुरेंद्र पाना, दीपक सिंह, डिगर सिंह, कवींद्र बथ्याल, रोहित रावत, सोनू बथ्याल आदि थे। ब्यूरो
शराब की अवैध बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई हो
पिथौरागढ़। शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ जिला मुख्यालय में दिगरा मुवानी के जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार के नेतृत्व में आंदोलन 10वें दिन भी जारी है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती है, आंदोलन जारी रहेगा। धरने को समर्थन देने पहुंचे असम राइफल्स पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष श्याम दत्त जोशी ने कहा कि युवा पीढ़ी शराब के चलते बर्बाद हो रही है। जगदीश कुमार ने चेतावनी दी कि यदि शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वह आमरण अनशन करने को विवश होंगे। इस दौरान त्रिलोक चंद्र पांडेय, जगदीश चंद्र जोशी, त्रिलोक सिंह खोलिया, बसपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार, नवीन कुमार, हरीश उपाध्याय, नवीन जोशी, गोकुल कुमार, एमएस चैंसर आदि थे।