पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के बीडी पांडे जिला अस्पताल में अब रात में भी गंभीर मरीजों के आयुष्मान कार्ड बनेंगे। इससे इमरजेंसी के दौरान आने वाले मरीजों को राहत मिलेगी। शाम छह बजे से रात 11 बजे तक मरीजों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
आयुष्मान योजना के तहत प्रत्येक व्यक्ति को पांच लाख रुपये तक निशुल्क इलाज मिलता है। इस समय जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक ही कार्ड बनाए जाते थे। अक्सर रात के समय कई गंभीर मरीज आते हैं। इनमें से कई मरीज ऐसे होते हैं कि जिन्हें हायर सेंटर रेफर करना पड़ता है। इनमें से कई के पास आयुष्मान कार्ड नहीं होते हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर करना पड़ता है। जहां पर उन्हें अपनी जेब ढीली करनी पड़ती है।
इस समस्या को देखते हुए राइटर इनफॉर्मेशन प्राइवेट लिमिटेड , बेनिफिशियरी फेसिलेटाइजेशन एजेंसी (बीएफए) आयुष्मान कार्ड के जिला समन्वयक मोहित पांडेय ने रात के समय भी मरीजों को आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा देने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि नवंबर से रात 11 बजे तक आयुष्मान कार्ड बनाने का काम किया जाएगा। जिले में 210910 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जबकि 18710 आयुष्मान कार्ड धारकों का योजना के तहत उपचार हुआ है।