एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिथौरागढ़ में छह अक्तूबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना 28 सितंबर को जारी की जाएगी। अधिसूचना में नामांकन पत्रों की बिक्री, नामांकन पत्र जमा करने की तिथि, नाम वापसी, मतदान, मतगणना का सारा कार्यक्रम तय होगा। प्राचार्य डा. डीएस पांगती ने बृहस्पतिवार को मुख्य चुनाव अधिकारी डा. अजय शुक्ल से कहा कि वह चुनाव का कार्यक्रम तैयार कर लें।
प्राचार्य ने कहा कि चुनाव में लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों का पूर्ण पालन कराया जाएगा। कॉलेज परिसर, निजी भवनों, सरकारी भवनों पर पोस्टर और पंपलेट लगाने पर पूर्ण रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रचार के समय प्लास्टिक से तैयार प्रचार सामग्री का उपयोग नहीं होने दिया जाएगा, यदि किसी प्रत्याशी ने ऐसा किया तो उसका निर्वाचन रद्द भी किया जा सकता है। इधर, चुनाव की तारीख तय होते ही चुनाव समिति ने तैयारी शुरू कर दी है, जबकि दावेदारों ने भी संपर्क अभियान तेज कर दिया है।
सेमेस्टर की सुधार परीक्षा 26 से
पिथौरागढ़। एमए, एमएससी और एमकॉम सेमेस्टर की सुधार परीक्षा 26 से 30 सितंबर तक होगी। नारायणनगर और मुनस्यारी कॉलेज के छात्रों का परीक्षा केंद्र भी पिथौरागढ़ ही बनाया गया है। प्राचार्य डा. डीएस पांगती ने सभी विद्यार्थियों से सुधार परीक्षा के कार्यक्रम के अनुसार उपस्थित रहने को कहा है।
बेड़ीनाग में 30 को होगा छात्रसंघ चुनाव
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। पीजी कॉलेज बेड़ीनाग में छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. जेएन पंत ने बताया कि चुनाव अधिसूचना सोमवार 26 सितंबर को जारी होगी। नामांकन 27 सितंबर को सुबह 11 से अपरान्ह 2 बजे तक होगा। नाम वापसी 28 सितंबर को सुबह 10 से अपरान्ह 1 बजे तक होगी। 29 सितंबर को प्रत्याशियों और मतदाताओं की सूची का प्रकाशन होगा। 30 सितंबर को सुबह 9 से अपरान्ह 1 बजे तक मतदान होगा। इसके तुरंत बाद मतगणना और विजेता प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी।
अभाविप ने की छात्रसंघ प्रत्याशियों की घोषणा
पिथौरागढ़। राजकीय महाविद्यालय मुवानी में प्रथम बार हो रहे छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सभी पदों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। अभाविप के जिला संयोजक रोहित ओझा और सह संयोजक जगदीश लुंठी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर अंकित बिष्ट, उपाध्यक्ष पद पर नीरज भट्ट, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर मीनाक्षी भट्ट, महासचिव पद पर चंद्रकला राठौर, संयुक्त सचिव पद पर डिगर कार्की, कोषाध्यक्ष पद पर त्रिभुवन भट्ट, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पर राजेंद्र कार्की चुनाव लड़ेंगे। इस दौरान अभाविप कॉलेज कार्यकारिणी का भी विस्तार किया गया। ललित चंद को कॉलेज प्रमुख, राधेश्याम को कॉलेज सह प्रमुख, मितेश बोरा, विनय बोरा को कॉलेज मंत्री, मन्नू भंडारी को कॉलेज उपाध्यक्ष, पूजा पाल को छात्रा प्रमुख और नेहा सोनार को सह प्रमुख बनाया गया।