पिथौरागढ़ के दौला गांव में हो रहा अतिक्रमण।
- फोटो : पिथौरागढ़
अवैध और बेतरतीब निर्माण पर जिला विकास प्राधिकरण ने सख्त रुख अपना लिया है। नगर पालिका में नए शामिल हुए गांवों में अब प्राधिकरण का डंडा चल रहा है। प्राधिकरण की टीम ने दौला का निरीक्षण कर अवैध निर्माण पर 23 भवन स्वामियों को नोटिस थमाए। इससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
विकास प्राधिकरण की ओर से मंगलवार से अवैध और अनियंत्रित निर्माण पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। बृहस्पतिवार को 25 लोगों को नोटिस जारी किए गए।
शुक्रवार को भी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और सचिव आरडी पालीवाल के निर्देश पर सहायक अभियंता भीम सिंह के नेतृत्व में हाल ही में पालिका में शामिल हुए दौला क्षेत्र में कार्रवाई की गई। टीम को 23 जगहों पर अवैध निर्माण मिला। भवन स्वामी टीम को भवन निर्माण का कोई नक्शा नहीं दिखा पाए। इस पर टीम ने सभी को नोटिस थमाए। साथ ही उन्हें निर्माण संबंधी नक्शा दिखाने के लिए एक दिन का समय दिया गया है। सहायक अभियंता भीम सिंह ने बताया कि बगैर नक्शा निर्माण पर कंपाउंड किया जाएगा।
प्राधिकरण में केस दर्ज कराया जाएगा। बताया कि भवन स्वामियों को अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिया जाएगा। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताने की भी कोशिश की लेकिन पुलिस और होमगार्ड साथ होने से उनकी नहीं चल पाई। अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान शनिवार को भी जारी रहेगा। टीम में अवर अभियंता राजेंद्र सिंह, दो पुलिस जवान और एक होमगार्ड शामिल रहे।