पिथौरागढ़। जिले के सबसे बड़े जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं बेहतर नहीं हो पा रही हैं। फिजिशियन न मिलने से मरीज बेहाल हैं। मजबूरन मरीजों को निजी अस्पतालों में इलाज कराना पड़ रहा है।
अस्पताल में दो सामान्य और एक चेस्ट फिजिशियन तैनात हैं। चेस्ट फिजिशियन चारधाम यात्रा में ड्यूटी दे रहे हैं। शुक्रवार को दोनों फिजिशियन को सेवा पखवाड़ा के तहत लगे शिविरों में भेज दिया गया। इससे वायरल, टाइफाइड और पीलिया जैसी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को इलाज नहीं मिला। कई मरीज बिना इलाज के लौटे। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, दोनों फिजिशियन की 12 जुलाई तक शिविरों में ड्यूटी है। पीएमएस डीपी सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से शिविरों और चारधाम यात्रा में चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जा रही है। अन्य चिकित्सक मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।