पिथौरागढ़ कलक्ट्रेट में सीधी भर्ती का विरोध करते पीआरडी जवान।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। प्रांतीय रक्षक दल विभाग के जवानों ने सीधी भर्ती का विरोध किया है। पीआरडी जवानों का कहना है कि प्रशिक्षित जवानों को ड्यूटी देने के बजाय सीधी भर्ती की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
पीआरडी संगठन की जिला इकाई के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम आनंद स्वरूप को ज्ञापन सौंपा। बताया कि युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग में सरकार के निर्देश पर सीधी भर्ती की तैयारी चल रही है, जबकि कुंभ मेले की अवधि घटने के कारण 80 प्रशिक्षित जवान घरों में बैठे हैं।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि पीआरडी जवानों ने पंचायत चुनाव, विधानसभा, लोकसभा चुनावों के साथ ही कोरोना काल में सराहनीय कार्य किया है। इसके बावजूद प्रशिक्षितों की अनदेखी कर सीधी भर्ती करना पीआरडी जवानों की अनदेखी है।
राजेंद्र दिगारी और एससी पंत ने कहा कि प्रशिक्षित जवानों को तैनाती दी जाए। यदि सीधी भर्ती की गई तो इसका विरोध किया जाएगा। इनमें राधाकृष्ण, मनोहर सिंह, हीरा सिंह, प्रेम राम, बहादुर सिंह, दीपक कुमार, जोगाराम, बहादुर राम, दौलत राम, विष्णु दत्त आदि थे।