गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। तहसील क्षेत्र के मड़कनाली से सुरखाल पाठक तक सड़क बनाने की मांग के लिए दर्जन गांवों के ग्रामीण मुखर हो गए हैं। सड़क निर्माण की मांग के लिए टैक्सी स्टैंड में चल रहा ग्रामीणों का क्रमिक अनशन सोमवार को भी जारी रहा।
उन्होंने इस मामले में शासन स्तर से कोई पहल न होने पर एक सप्ताह बाद उग्र आंदोलन शुरू कर करने की चेतावनी दी। ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2014 में सड़क निर्माण के लिए घोषणा हुई थी।
पूर्व में आंदोलन करने के बाद विधायक मीना गंगोला ने जल्द कार्यवाही का आश्वासन देते हुए सड़क निर्माण की बात कहकर आंदोलन समाप्त कराया था लेकिन अब भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
क्षेत्र में दो स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार रहते हैं। सड़क न होने से मड़कनाली से सुरखाल तक जाने वाला रास्ता जोखिम भरा है। इस मार्ग से कई गांवों के एक हजार से अधिक लोग आवागमन करते हैं।
पूर्व में इस पैदल मार्ग पर तीन स्कूली बच्चों समेत 12 लोगों की मौत हो चुकी है। गांव में किसी के बीमार पड़ जाने पर उसे 11 किमी तक डोली में सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। सड़क के लिए कई बार मांग उठाई जा चुकी है।
क्रमिक अनशन पर बैठे संघर्ष समिति के अध्यक्ष ललित सिंह बिष्ट ने कहा कि अब अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्रमिक अनशन में प्रधान बनेलागांव गोपाल सिंह बिष्ट, सुरखाल पाठक शंकर सिंह भंडारी, क्षेपं सदस्य खतीगांव राम प्रसाद, उपाध्यक्ष विक्रम सिंह बिष्ट, जिपं सदस्य कल्याण राम बैठे।