बढ़ती गर्मी के साथ ही जल संकट भी गहराने लगा है। लोग पीने के पानी के लिए नौले-धारों का रुख करने लगे ह?
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। गर्मी बढ़ते ही नगर के कई स्थानों में पेयजल की किल्लत होने लगी है। नगर के कई हिस्सों में पानी न आने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विभाग ने घाट पंपिंग योजना शुरू होने तक नगर में एक दिन छोड़कर पानी देने का फैसला लिया है।
आंवलाघाट पंपिंग योजना से कम पानी लिफ्ट होने के कारण न्यू सेरा, बैंक रोड, घंटाकरण, खड़कोट आदि क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को पानी नहीं आया। पानी की कमी होने के कारण जल संस्थान नगर के अधिकतर क्षेत्रों में एक दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति कर रहा है।
12 एमएलडी क्षमता की आंवलाघाट योजना से छह एमएलडी पानी की ही आपूर्ति हो रही थी लेकिन गर्मी बढ़ने के कारण कुएं में पानी कम होने से इस समय चार एमएलडी पानी ही मिल पा रहा है।
बारहमासी सड़क निर्माण के कारण घाट पंपिंग योजना शुरू नहीं हो पाई है। ठूलीगाड़ योजना के ऊपर सेना ने डैम बना दिया है। इस कारण पानी सूखने लगा है। इस योजना से सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति की जा रही है।
आंवलाघाट पंपिंग योजना से चार एमएलडी पानी ही मिल रहा है। इस कारण नगर के कई क्षेत्रों मेें एक दिन छोड़कर पानी की दिया गया। अब घाट पंपिंग योजना के शुरू होने तक गैस गोदाम के पास बने टैंक से भी एक दिन छोड़कर पानी दिया जाएगा।
- सीएम चनकन्याल, जेई, जल संस्थान, पिथौरागढ़।