26 जनवरी को देखते हुए पुलिस, प्रशासन ने चौकसी शुरू कर दी है। धारचूला के एसडीएम संतोष कुमार पांडे ने बैठक लेकर हरिद्वार कुंभ और 26 जनवरी को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
तय हुआ कि 26 जनवरी को वाहनों को नगर से एक किमी पहले ग्वालगांव में ही रोक दिया जाएगा। 26 जनवरी तक सीमा पर कड़ी चौकसी बरती जाएगी। होटलों, मोटर स्टेशनों में तलाशी अभियान चलेगा। अंतरराष्ट्रीय झूलापुल और नदी में लगातार निगरानी रखी जाएगी। 25 जनवरी को सघन तलाशी अभियान चलेगा।
एसडीएम ने कहा कि सीमा को सुरक्षित रखने के लिए सुरक्षा एजेंसियां चौकस हैं। 26 जनवरी को व्यापार मंडल हर साल की तरह नगर में भव्य झांकी निकालेगा। सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी। बैठक में तहसीलदार इंद्रबहादुर मल्ल, थानाध्यक्ष बलवंत कांबोज, पालिका के ईओ डीके तिवारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी एमएस जायसवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, प्रकाश गुंज्याल, नवीन खर्कवाल आदि मौजूद थे।