चंपावत। चंपावत जिला अस्पताल में पिछले दो माह से चर्म रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त है। इससे त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है।
जुलाई के पहले सप्ताह में एकमात्र चर्म रोग विशेषज्ञ का स्थानांतरण हो गया था। इसके बाद से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। अस्पताल में प्रतिदिन करीब 450 मरीजों की ओपीडी होती है, जिनमें बड़ी संख्या में चर्म रोगी शामिल होते हैं। बरसात में त्वचा संक्रमण का खतरा बढ़ने से विशेषज्ञ चिकित्सक की आवश्यकता और बढ़ गई है। मरीजों को हल्द्वानी या बरेली जैसे बड़े अस्पतालों में जाना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च हो रहा है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द चिकित्सक तैनात करने की मांग की है। मुख्य चिकित्साधिकारी देवेश चौहान ने बताया कि रिक्त पदों की सूचना निदेशालय को भेजी गई है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।