राज्य गठन के बाद पिथौरागढ़ जिले को 17वां जिलाधिकारी मिल रहा है। 2011 बैच के आईएएस अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया यहां के नए डीएम होंगे। श्री भदौरिया अब तक शहरी विकास विभाग में अपर सचिव और मुख्य नगर अधिकारी देहरादून के पद पर कार्यरत थे। वह निवर्तमान डीएम एचसी सेमवाल का स्थान लेंगे। श्री सेमवाल ने दो बार यहां डीएम की कुर्सी संभाली थी। श्री सेमवाल समाज कल्याण विभाग में अपर सचिव बनाए गए हैं।
श्री सेमवाल ने 26 फरवरी 2014 को पहली बार यहां डीएम का पद संभाला। उनका पहला कार्यकाल 15 जनवरी 2015 तक रहा। वह यहां से हरिद्वार का जिलाधिकारी बनकर गए थे। 3 नवंबर 2015 को श्री सेमवाल फिर से यहां के जिलाधिकारी नियुक्त किए गए। दोनों कार्यकाल के दौरान श्री सेमवाल ने दूरस्थ इलाकों की समस्याओं को जानने का प्रयास किया और वह दुर्गम स्थानों तक भी पहुंचे। आम जनता के साथ सीधा संवाद रखने वाले श्री सेमवाल का कर्मचारियों के साथ भी अच्छा व्यवहार था। आपदा प्रभावित बस्तड़ी और कुमालगौन के लोगों की समस्या हल करने में उन्होंने अपने स्तर से काफी प्रयास किए। शासन के सूत्रों के अनुसार विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह स्थानांतरण हुआ है।
एसपी रोशन लाल का भी ट्रांसफर
24 मई 2014 से यहां कार्यरत पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा का 40वीं बटालियन पीएसी हरिद्वार में कमांडेंट पद पर स्थानांतरण हो गया है। अजय जोशी पिथौरागढ़ के नए एसपी होंगे। श्री जोशी अब तक पुलिस मुख्यालय देहरादून में शिकायत प्रकोष्ठ के एसपी पद पर तैनात थे। वह एक-दो दिन में यहां कार्यभार ग्रहण करेंगे।
एसडीएम सदर भी बदले गए
अब तक पिथौरागढ़ में एसडीएम सदर के पद पर तैनात अनुराग आर्य का चंपावत स्थानांतरण हो गया है। उनकी जगह पर पहले ही संतोष कुमार पांडे की तैनाती हो गई है। श्री पांडे अब तक धारचूला में एसडीएम के पद पर तैनात थे। श्री पांडे ने यहां कार्यभार ग्रहण कर लिया है।