धारचूला (पिथौरागढ़)। ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन से जुड़ी एनएचपीसी के कॉंट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन की हड़ताल क्षेत्रीय श्रमायुक्त, देहरादून से वार्ता के बाद स्थगित हो गई है। यूनियन ने बताया कि यदि उनके वेतनवृद्धि पर श्रमायुक्त के आदेश के बाद भी भुगतान नहीं किया गया तो वे फिर हड़ताल करेंगे। कहा कि तब तक एनएचपीसी प्रबंधन ड्यूटी रोस्टर बनाकर ही उनसे काम ले सकता है।
एनएचपीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने बीते सोमवार को हड़ताल शुरू करते हुए परियाेजना मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया था। उनके प्रतिनिधि क्षेत्रीय श्रमायुक्त के आमंत्रण पर देहरादून गए थे। जहां एनएचपीसी के फरीदाबाद कॉरपोरेट ऑफिस और धौलीगंगा पावर स्टेशन धारचूला के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
त्रिपक्षीय बातचीत में क्षेत्रीय श्रमायुक्त ने मैनेजमेंट और यूनियन दोनों को वार्ता कर समाधान करने के निर्देश दिए हैं। श्रमायुक्त ने कहा कि 25 सितंबर मामले में कार्रवाई की जाएगी। इधर, वार्ता के बाद यूनियन ने तय किया कि मंगलवार से वे सामान्य ड्यूटी पर उपस्थित रहेंगे और व्यावहारिक ड्यूटी का बहिष्कार किया जाएगा। यूनियन अध्यक्ष उदय सिंह धामी, उपाध्यक्ष पदम थलाल, संगठन मंत्री कविराज धामी और पूर्व महामंत्री विनोद कुमार ने कहा कि देहरादून गए प्रतिनिधियों के वापस आने पर अग्रिम कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा।