पिथौरागढ़। पहाड़ कटिंग के लिए पिथौरागढ़-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग को 15 दिन तक बंद रखने के अनुरोध को समिति ने अनुचित बताया है। समिति ने कहा है कि पहाड़ी में पड़ी दरारों को हटाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के बाद केवल दो दिन तक ही एनएच को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक बंद रखा जा सकता है। समिति ने कहा है कि 15 दिन तक केवल सुबह 8.30 बजे से दिन में 2.30 बजे तक सड़क बंद रखी जा सकती है।
इस समय पिथौरागढ़-घाट एनएच में बारहमासी सड़क कटिग का काम चल रहा है। कई स्थानों पर पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। दो दिन पूर्व पहाड़ी दरकने से एक कैंटर के चालक और क्लीनर की मौत हो गई थी। इस खतरे को देखते हुए एनएच खंड लोहाघाट के ईई ने सड़क को 15 दिन तक पूरी तरह से बंद रखने का अनुरोध पत्र पिथौरागढ़ जिलाधिकारी को दिया था। इस पत्र के मिलने के बाद डीएम डॉ.विजय कुमार जोगदंडे ने बुधवार को एनएच का निरीक्षण किया। डीएम ने एसडीएम की अध्यक्षता में समिति गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। समिति में शामिल एसडीएम, सीओ और लोनिवि के ईई ने जांच की। समिति की ओर से डीएम को जांच रिपोर्ट सौंप दी है। समिति का कहना है कि एनएच को 15 दिन तक बंद रखने से अति आवश्यकीय सेवाएं बंद हो जाएंगी। त्योहारी सीजन को देखते हुए सड़क को इतने लंबे समय के लिए बंद रखने को उचित नहीं ठहराया है। समिति ने कहा है कि पहाड़ में पड़ी दरारों को हटाने के लिए दो दिन तक सुबह आठ से शाम छह बजे तक एनएच को बंद रखा जा सकता है। समिति ने 15 दिन तक सुबह 8.30 बजे से अपराह्न 2.30 बजे तक ही सड़क को बंद रखने की संस्तुति की है। समिति के अध्यक्ष एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी गई है।