पिथौरागढ़। गुड़ौली के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आने से पिथौरागढ़-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग तीन घंटे से अधिक समय तक बंद रहा। इस दौरान दोनों ओर दर्जनों वाहन फंसे रहे। सुबह 7:30 बजे यातायात सुचारु हो सका।
आजकल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के लिए गुड़ौली और बंदरलीमा के बीच पहाड़ कटिंग की जा रही है। इसी कारण सोमवार रात पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर गिर गया।
इससे सुबह चार बजे से जिला मुख्यालय की ओर आ रहे और धारचूला, डीडीहाट रूटों पर जा रहे वाहन फंस गए। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। तड़के मौके पर पहुंचे कुछ निजी वाहन डीडीहाट थल होकर पिथौरागढ़ पहुंचे।
सूचना मिलने के बाद बीआरओ ने मौके पर जेसीबी सहित अन्य मशीनें भेजकर सड़क खोली। इसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
ग्रामीण सड़क क्षतिग्रस्त, आवाजाही ठप
पाटी (चंपावत)। चौड़ापिता-परेवा मोटर मार्ग में गडार मोटर पुल के पास मलबा आने से सड़क का एक हिस्सा टूट गया है। ग्रामीण सड़क के किनारे का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से यहां चौपहिया वाहनों की आवाजाही बाधित है।
सड़क बंद होने से परेवा, धरसों, बिनवालगांव, गोलडांडा, तोला, रेकुणी, नौलियागांव क्षेत्र में खाद्यान्न आपूर्ति और निर्माण सामग्री की ढुलाई बाधित है। बिनवालगांव के ग्राम प्रधान खीमानंद बिनवाल ने पीएमजीएसवाई के लोहाघाट खंड के ईई से सड़क को जल्द से जल्द सुचारु करने की मांग की है।