पिथौरागढ़। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में नये साल की पूर्व संध्या पर होने वाले जश्न पिछले सालों की अपेक्षा फीके रहे। मुनस्यारी, चौकोड़ी के होटल, गेस्ट हाउस मालिकों ने कोविड नियमों के तहत जश्न की तैयारियां की थी।
जिले में नये साल के जश्न के लिए पिथौरागढ़, बिर्थी, मुनस्यारी, धारचूला, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग में इस बार पर्यटकों की संख्या तीन हजार के पार नहीं पहुंच पाई। कोरोना के चलते पूरे जिले में करीब 2700 स्थानीय और यूपी, गुजरात, महाराष्ट्र, बंगाल, उत्तराखंड के पर्यटक यहां पहुंच हैं, जबकि वर्ष 2019 में पर्यटकों की संख्या दस हजार के पार थी। कोरोना के सख्त नियमों के कारण पर्यटकों की संख्या ज्यादा नहीं पहुंच पाई। पिथौरागढ़ के लंदन फोर्ट, चंडाक, नैनीसैनी, बड़ाबे, प्लेटा में लोगों ने नये साल को लेकर दिन में जश्न मनाया। वहीं कुछ लोगों ने स्थानीय मंदिरों में जाकर 31 दिसंबर का दिन भगवान के दर्शन कर बिताया। लंदन फोर्ट में युवाओं ने पारंपरिक मुखौटों पर पेंट कर उन्हें नया रूप देकर 31 दिसंबर को अलविदा किया।
कोविड 19 के चलते नव वर्ष का जश्न फीका
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। चौकोड़ी में नये साल का आगाज होने से पहले देशी-विदेशी पर्यटकों से गुलजार रहता था। इस बार बेड़ीनाग, चौकोड़ी में नये साल के स्वागत को होने वाले आयोजन लगभग पूरी तरह से बंद हैं। कोरोना के चलते चौकोड़ी, बेड़ीनाग के होटल लगभग खाली हैं। इससे होटल व्यवसायी मायूस हैं। कोविड के चलते प्रशासन भी लोगों को कोरोना से बचाव के लिए उचित दूरी और मास्क लगाने को लेकर जागरूक कर रहे हैं। बाहर से आने वाले पर्यटक इस बार काफी कम है। स्थानीय लोग भी नये साल के जश्न से दूरी बनाए हुए हैं, जबकि पिछले वर्ष चौकोड़ी, बेड़ीनाग के होटल पर्यटकों से खचाखच भरे रहते थे।
मुनस्यारी में नये साल के जश्न को एक हजार से ज्यादा सैलानी पहुंचे
मुनस्यारी। मुनस्यारी में एक हजार से अधिक सैलानी जश्न को पहुंचे हैं। कोरोना के चलते भीड़, कैंप फायर का आयोजन पर्यटन कारोबारियों ने नहीं रखा है। बाहरी पर्यटकों की तुलना में लोकल पर्यटक अधिक हैं। मुनस्यारी में पर्यटकों ने इको पार्क, नंदा देवी मंदिर और खलिया डे ट्रेक किया। होटलों में स्थानीय व्यंजन की व्यवस्था पर्यटकों के लिए की गई है। डीजे आदि पर भी प्रशासन ने प्रतिबंधित लगाया है। होटल कारोबारी पूरन पांडे ने बताया कि पिछले साल नये जश्न के स्वागत में मुनस्यारी में 2700से अधिक बाहरी राज्यों के पर्यटक पहुंचते थे, लेकिन इस बार करीब एक हजार स्थानीय और बाहरी पर्यटक हैं।
पुलिस ने जिले को बांटा सेक्टरों में
पिथौरागढ़। कोरोना काल में नये साल के जश्न को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से भी पूरी तैयारी की गई। पुलिस ने जिले को सेक्टरों में बांटा। एसपी प्रीति प्रियदर्शनी ने बताया कि पूरे जिले में सेक्टर स्कीम लागू की है। सभी थाना क्षेत्रों को उनकी आबादी के हिसाब से सेक्टर में बांटा गया है। इसमें सेक्टर के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर बनाए गए हैं। वह अपने क्षेत्र में गश्त करेंगे। कहीं पर भी अराजकता की सूचना मिलेगी तो संबंधित व्यक्ति पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। ऐसे पर्यटक स्थलों को चिह्नित किया गया है जहां पर लोग आकर शराब पीकर हुड़दंग मचाते हैं, उन क्षेत्रों में बैरियर लगाए गए हैं। आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जाएगी। एएसपी और सीओ भी विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। खुफिया तंत्र को भी अलर्ट किया गया है।