एक मई से जिला मुख्यालय में नई यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। दोपहिया वाहन में चालक के साथ ही पीछे बैठने वाले को हेलमेट पहनना होगा। डीएम ने 15 मई तक जिला मुख्यालय में सीपीयू का गठन करने के निर्देश पुलिस को दिए हैं।
जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी सी रविशंकर ने कहा कि जिला मुख्यालय एवं संपूर्ण जिले की यातायात व्यवस्था ठीक करने और वाहन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, जिसे एक मई से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराना पुलिस, परिवहन विभाग और राजस्व विभाग का दायित्व है। डीएम ने कहा मार्च 2018 तक जिले को दुर्घटनामुक्त करने के लिए पुलिस, परिवहन, राजस्व और सड़क निर्माण विभाग को जिले की सभी सड़कों का निरीक्षण कर दुर्घटना वाले स्थानों को चिन्हित करना होगा। दुर्घटनाओं को कैसे रोका जाए, इसका प्रस्ताव तैयार करना होगा। सड़कों पर बैरियर, पैराफिटों का निर्माण कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस और परिवहन विभाग की टीम तैयार कर नियमित वाहनों का निरीक्षण करने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कहा कि जिला मुख्यालय में सड़क में एक दिन एक तरफ और दूसरे दिए दूसरी तरफ वाहन खड़े करने की व्यवस्था यथावत रहेगी। नगर में निर्धारित समय में ही बड़े वाहनों का प्रवेश होगा। डीएम ने दुर्घटना के लिए संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने, बारातघरों के कारण यातायात व्यवस्था में आ रहे व्यवधान को रोकने के लिए बारातघर स्वामियों के साथ बैठक करने, 15 मई तक सड़क के किनारे से बिजली और टेलीफोन के पोल हटाने, यातायात नियमों की जानकारी न रखने वाले लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस न देने, वाहनों से म्यूजिकल सिस्टम हटाने, प्रत्येक यात्री वाहन को अलग से नंबर जारी करने और इसे वाहन में निर्धारित स्थान पर चस्पा करने, एआरटीओ नवीन सिंह को स्कूल वाहनों की नियमित चेकिंग के भी निर्देश दिए। कहा कि दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल लाने वाले व्यक्तियों से पुलिस किसी प्रकार की पूछताछ नहीं करेगी।
सड़कों से स्वयं हटा लें अतिक्रमण
जिलाधिकारी सी रविशंकर ने पिथौरागढ़ नगर में सड़क पर अतिक्रमण करने वाले लोगों को 15 मई तक स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि इसके बाद प्रशासन अतिक्रमणों को ध्वस्त करेगा। डीएम ने खुली नाली में पटाल लगाने के निर्देश लोनिवि को दिए। कहा कि नगर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटल आदि को पार्किंग की व्यवस्था स्वयं करनी होगी।