फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगतड़ पेयजल योजना के लिए नई उप समिति बनेगी

Mon, 13 Nov 2017 11:07 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला पिथौरागढ़।
विज्ञापन
नगतड़ पेयजल योजना में खुले में बिछाए गए पाइप। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 जिलाधिकारी सी रविशंकर ने पेयजल निगम डीडीहाट के अधिशासी अभियंता को धारचूला विकासखंड के बलुवाकोट ग्राम पंचायत में गुईंया गाड़ से नगतड़ गांव तक बनाई जा रही 62.38 लाख रुपये की लागत की पेयजल योजना के लिए नई उपभोक्ता पेयजल एवं स्वच्छता उप समिति के गठन करने निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर फर्जी उप समिति का गठन करने का आरोप लगाया था। योजना की जांच में अनियमितता की पुष्टि भी हो चुकी है। 
विज्ञापन


वर्ष 2016 में शासन ने स्वैप परियोजना के तहत नगतड़ पेयजल योजना को मंजूरी दी थी। योजना से 90 परिवारों को लाभान्वित होना है। निर्माण कार्य शुरू होते ही योजना विवादों में आ गई थी। परिवर्तन संगठन बलुवाकोट ने 2 अप्रैल 2017 को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर खुले में पाइप लाइन बिछाने, फिल्ट्रेशन की कोई व्यवस्था नहीं होने, निर्धारित स्थान से 50 मीटर नीचे जल भंडारण टैंक बनाने के साथ ही उपभोक्ता पेयजल एवं स्वच्छता उप समिति के गठन पर सवाल खड़े करते हुए ग्रामीणों के फर्जी हस्ताक्षर से समिति का गठन करने का आरोप लगाया था। डीएम के निर्देश पर पिथौरागढ़ पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता रंजीत धर्मशक्तू ने 25 अगस्त को स्थल पर पहुंच कर जांच की थी। उन्होंने जांच रिपोर्ट में खुले में पाइप लाइन बिछाने, इंटेक चेंबर में मलबा भरे होने, ढक्कन नहीं होने का उल्लेख किया। पाइप लाइन को 60 सेंटीमीटर जमीन के अंदर दबाने का प्रावधान है। 

परिवर्तन संगठन के रोहित खाती और पुष्कर सिंह ठगुन्ना ने छह नवंबर को जिलाधिकारी के सामने एक बार फिर फर्जी समिति का मामला उठाया। डीएम ने नई उपभोक्ता पेयजल एवं स्वच्छता उप समिति बनाने के निर्देश पेयजल निगम डीडीहाट को दिए हैं। वहीं सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत रमेश सिंह ठगुन्ना द्वारा मांगी गई जानकारी के उत्तर में ग्राम प्रधान उपभोक्ता पेयजल एवं स्वच्छता उप समिति की अध्यक्ष पार्वती देवी ने योजना में 25 लाख रुपये आहरित होने, 24.60 लाख खर्च होने की जानकारी दी है। नई समिति गठन के आदेश के साथ ही अनियमितता के मामले में कार्रवाई के आसार बढ़ गए हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें