मूनाकोट (पिथौरागढ़)। टनकपुर-जौलजीबी सड़क के 28 किमी हिस्से पर पहाड़ कटिंग कार्य पूरा होने के बाद सामान्य यातायात शुरू हो गया है।
सड़क पर इन दिनों दीवार, नाली, कॉजवे का निर्माण किया जा रहा है। सड़क बनने के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा मुख्य मार्ग के बंद होने पर श्रद्धालु इस मार्ग से भी आवाजाही कर सकेंगे।
सामरिक महत्व की टनकपुर-जौलजीबी सड़क के तालेश्वर से डौड़ा के हिस्से पर इन दिनों तेज गति से काम चल रहा है। काली नदी के किनारे बन रही इस सड़क का निर्माण लोनिवि खंड अस्कोट करवा रहा है।
28 किमी लंबी सड़क के पूरा होने पर सुरक्षा एजेंसियों को पेट्रोलिंग में आसानी हो रही है। अमतड़ी, रणुवा और चकद्वारी गांव भी सड़क सुविधा से जुड़ गए हैं।
छह मीटर चौड़ी इस सड़क के झूलाघाट से तालेश्वर और डौड़ा से जौलजीबी के 20 किमी हिस्से पर पहले ही पक्की सड़क बन चुकी है। सड़क बनने के बाद आसपास के सुनखोली, पंतसेरा, बगड़ी आदि गांवों के लोगों की जिला मुख्यालय तक की यात्रा भी आसान हो गई है।
इस सड़क पर अमतड़ी के पास पुलिया भी बन चुकी है। इस सड़क पर तालेश्वर जल विद्युत परियोजना के लिए पानी की सप्लाई करने वाले गधेरे पर भी एक पुल बनना है। इसका प्रस्ताव शासन को अलग से भेजा गया है। पैसा स्वीकृत होते ही जल्द काम शुरू हो जाएगा।
तालेश्वर सड़क को भी चौड़ा करने की मांग
झूलाघाट। लोगों ने तालेश्वर-झूलाघाट सड़क को भी चौड़ा करने की मांग की है। झूलाघाट-तालेश्वर सड़क पर पांच साल पूर्व कटिंग होने के साथ ही डामरीकरण भी हुआ है।
सड़क का निर्माण पुरानी डीपीआर के हिसाब से होने के कारण चौड़ाई बहुत कम रखी गई है। सिंगल बनी सड़क पर नीचे खाई होने के साथ ही काली का उफान भी देखने को मिलता है। लोगों ने इस सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की मांग की है।
टनकपुर से चूका तक सड़क का काम पूरा
झूलाघाट। निर्माणाधीन टनकपुर-जौलजीबी सड़क पर टनकपुर से चूका तक सड़क का निर्माण हो चुका है। चूका से रुपालीगाड़ तक के 19 किमी के हिस्से पर निर्माण कार्य चल रहा है।
उससे आगे प्रस्तावित पंचेश्वर डैम की ऊंचाई तय न होने के कारण सर्वे नहीं हो पाया है। हालांकि कुछ दिन पहले राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने झूलाघाट से जौलजीबी सड़क का सर्वे किया है।
झूलाघाट से जौलजीबी सड़क पर यातायात शुरू हो गया है। सड़क पर निर्माण कंपनी और विभाग के कर्मचारी नियमित गाड़ियां जाने लगीं हैं। सड़क पर बचे काम को जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
- राम सिंह भंडारी, जेई, लोनिवि अस्कोट।