मुनस्यारी मिलम सड़क में लास्पा नदी में चल रहा पुल निर्माण का काम।
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। चीन सीमा के लिए सड़क निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। सड़क कटिंग के साथ ही पुल निर्माण का काम भी हो रहा है। पुल का निर्माण माहभर में पूरा होने की उम्मीद है। लास्पा नदी पर पुल बनने के बाद इस सड़क की एक और चुनौती पूरी हो जाएगी।
लिपुलेख तक सड़क पहुंचाने के बाद चीन सीमा के लिए एक और सड़क मुनस्यारी-मिलम का निर्माण तेजी से हो रहा है। मुनस्यारी के धापा से मिलम 65 किमी सड़क का निर्माण कार्य सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) कर रहा है।
धापा-मिलम सड़क का काम सीमा सड़क संगठन ने 2008 में शुरू किया था। धापा से रुपसियाबगड़ तक 20 किमी सड़क चौड़ीकरण काम एबीसीआई कंपनी ने पूरा कर लिया है।
मिलम से मापांग तक करीब 22 किमी सड़क कटिंग का कार्य भी पूरा हो चुका है। इस सड़क में सुरक्षा एजेंसियों के वाहन भी चलते हैं। इन वाहनों को हेलीकॉप्टरों से वहां पहुंचाया गया था। अब 18 किमी सड़क का निर्माण कार्य बीआरओ तेजी से कर रहा है।
इस समय लास्पा में सड़क कटिंग की जा रही है। लास्पा में कठोर पहाड़ियां होने से कटिंग का काम धीमी गति से हो रहा है। चट्टानों को काटने के लिए बीआरओ ने हेलीकॉप्टरों से मिलम तक भारी मशीनें और उपकरण पहुंचाए हैं।
सड़क कटिंग के साथ ही इस समय लास्पा नदी में पुल बनाने का काम शुरू हो गया है। आधा पुल बन चुका है। बीआरओ के अधिकारियों के अनुसार पुल का निर्माण माहभर में पूरा होने की उम्मीद है।
पुल बनने के बाद रेलकोट से लास्पा तक वाहनों का संचालन हो सकेगा। वाहनों के संचालन से सुरक्षा एजेंसियों के जवानों और माइग्रेशन पर जाने वाले ग्रामीणों समेत सैलानियों को भी सुविधा मिलेगी।