पिथौरागढ़। बंदीगृह से फरार नेपाल मूल की युवती को पकड़ना पुलिस के लिए नाक का सवाल बन गया है। बताया जा रहा है कि युवती बंदीगृह से भागने के बाद शहर में ही किराये पर रहने वाली धारचूला की छात्राओं के कमरे में रुकी थी। इसके बाद मौका पाकर पिथौरागढ़ से फरार हो गई। 50 पुलिस कर्मी उसे पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दे रहे हैं।
नेपाल दार्चुला के दुमलिंग निवासी अनुष्का बुड़ाथोकी ढाई साल पहले चरस के साथ पकड़ी गई थी। छह अगस्त की सुबह आरोपी युवती पिथौरागढ़ कोतवाली से 20 मीटर दूर स्थित बंदीगृह की दीवार फांदकर फरार हो गई थी। पुलिस शहर से लेकर नेपाल सीमा तक फरार युवती की धरपकड़ के लिए प्रयास कर रही थी। इस बीच सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो पता चला कि आरोपी युवती किराये पर रहने वाली धारचूला की दो छात्राओं के जीआईसी स्थित कमरे में रुकी थी।
इसके बाद वह वहां से भाग गई थी। पुलिस उन छात्राओं से भी पूछताछ कर रही है। एसपी के निर्देश के बाद पुलिस और अधिक चौकन्नी हो गई है। अलग-अलग रास्तों से फरार युवती को पकड़ने के लिए टीम रवाना कर दी गई हैं। बताया जा रहा है कि फरार युवती थल की ओर गई थी और वहां पर ग्रामीणों ने उसे देखा भी था। पुलिस ने युवती की तलाश में लगातार जगह-जगह दबिश दे रही है।
किसी को नहीं लगी भनक
पिथौरागढ़। नेपाल मूल की युवती बंदीगृह से फरार होने के बाद जीआईसी स्थित एक मकान में किराये पर रहने वाली धारचूला तहसील क्षेत्र की छात्राओं के कमरे में ठहरी थी। इसकी भनक पुलिस को तो दूर आसपास के लोगों को भी नहीं लगी। पुलिस पहले ही नगर के कई स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाल चुकी थी। यदि पुलिस ने जीआईसी क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी जांच लिए होते तो फरार युवती अब तक गिरफ्त में होती। एसपी लोकेश्वर सिंह का कहना है कि बंदीगृह में तैनात पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार युवती को पकड़ना पहली प्राथमिकता है। संवाद
बंदीगृह से फरार युवती दो दिन पिथौरागढ़ में रही थी। सीसीटीवी खंगालने में ये सब पता चला है। जिन युवतियों के यहां वह रुकी थी उनसे पूछताछ की जा रही है। फरार नेपाली युवती को पकड़ लिया जाएगा। - लोकेश्वर सिंह, एसपी पिथौरागढ़।