पिथौरागढ़ बाजार को देखते नेपाली सैनिक
- फोटो : अमर उजाला
भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास रविवार को नहीं हुआ। अवकाश के दिन नेपाल सेना के जवानों ने सोर (पिथौरागढ़) की बाजार की सैर की। नेपाली जवानों को सोर की बाजार भा गई।
नेपाल सेना के जवानों ने शहर के सिल्थाम, गांधीचौक समेत कई बाजारों में खरीदारी की। नेपाल सेना के जवानों ने शहर की सड़कों पर चहलकदमी की। बाजार बंद होने के कारण सेना के वाहन में ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाकर शनिवार को ही बाजार खुली रखने की अपील की गई थी। नेपाल सेना के जवानों के अवकाश के दिन बाजार आने की सूचना पर नगर की कुछ दुकानें खुली रही।
नेपाली सैनिकों ने सोर बाजार को खूबसूरत बताते हुए कहा कि संपूर्ण पिथौरागढ़ पर कुदरत ने दिल खोलकर नेमत बरती है। यहां की वादी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचती है। नेपाल सेना के जवानों का कहना था कि भविष्य में यह शहर और विकसित होगा, शहर के रौनक और बढ़ेगी। व्यापारियों ने भी नेपाली सेना के जवानों का स्वागत किया। नेपाल सेना के जवानों के बाजार में खरीदारी को पहुंचने से व्यापारी भी खुश नजर आए।