गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भारत आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की यात्रा के मद्देनजर नेपाल सीमा पर सुरक्षा तंत्र को विशेष तौर पर अलर्ट किया गया है। भारतीय और विदेशी खुफिया एजेंसियों ने 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय आतंकियों के नेपाल की खुली सीमा से भारत में प्रवेश की आशंका जताई है।
सूत्रों के मुताबिक खुफिया तंत्र को नेपाल सीमा पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सौ से अधिक आतंकी नेपाल सीमा से भारत में प्रवेश करने की फिराक में हैं। इस समय नेपाल सीमा को तीन वजहों से खासा सतर्क किया गया है। पहला भारतीय गणतंत्र दिवस, दूसरा अमेरिकी राष्ट्रपति की भारत यात्रा और तीसरा भारत से लगी नेपाल की करीब 1751 किमी खुली सीमा का होना।
खुफिया सूत्रों के अनुसार खुफिया विभाग और सुरक्षा बलों को 24 घंटे सीमा पर पैनी नजर रखने को कहा गया है। आशंका है कि इतनी लंबी खुली सीमा से कहीं से भी आतंकी भारत में घुसपैठ कर सकते हैं। खुफिया विभाग के एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि उच्च स्तर से बार्डर पर अलर्ट किया गया है।
बहरहाल चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के खुफिया तंत्रों के अलावा, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सीमा पर मुस्तैद रहने को कहा गया है।