झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल ने बैतड़ी जिले के पंचेश्वर में भी बार्डर एरिया पोस्ट बना दिया है। बुधवार को सशस्त्र प्रहरी फोर्स के डीआईजी पोस्ट का उद्घाटन करेंगे। बीओपी बनने के बाद एपीएफ के जवान महाकाली नदी के किनारे गश्त करने के साथ ही भारतीय सीमा पर भी नजर रख सकेंगे।
सीमा विवाद के बाद नेपाल भारतीय सीमा पर अपने क्षेत्र में बीओपी बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। छांगरु में बीओपी बनाने के बाद झूलाघाट में बीओपी स्थापित किया गया। अगले चरण में निर्माणाधीन पंचेश्वर डेम के पास भी बीओपी बनकर तैयार हो चुका है।
यहां पर पहले नेपाल प्रहरी के जवान क्षेत्र में आने जाने वालों पर नजर रखते थे। बीओपी बनने के बाद क्षेत्र की निगरानी एपीएफ के जवान करने लगेंगे। बीओपी पर 25 जवानों को तैनात किया जा रहा है।
सोमवार को एपीएफ के हरिशंकर बुडाथोकी ने बैतड़ी पहुंचकर डीएसपी अमित सिंह से इस बारे में चर्चा की। मंगलवार को दोनो अधिकारी पंचेश्वर की और निकल गए है। बुधवार को बीओपी का उद्घाटन करेंगे। बीओपी बनने के बाद एपीएफ के जवान कुस्मौद घाट, धर्मघाट, डिंबर घाट, रौलघाट पर नियमित पेट्रोलिंग करेंगे, जिससे दोनों देशों के बीच किश्ती और ट्यूब से महाकाली पार करने वालों पर रोक लगने के साथ ही भारतीय सीमा पर भी नजर रख सकेंगे।