फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: न पीने के लिए पानी और ना ही अस्पताल में मिल रहा है इलाज

Wed, 24 Jun 2026 10:58 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
गंगोलीहाट में आयोजित बीडीसी बैठक में मौजूद सदस्य। संवाद
विज्ञापन
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। हमारे क्षेत्र की लगातार अनदेखी की जा रही है। न पीने के लिए पानी मिल रहा है और ना ही पीएचसी में बेहतर इलाज। बीडीसी बैठक में अधिकारी समस्याओं को सिर्फ नोट करते हैं लेकिन इनका समाधान नहीं होता। बीडीसी बैठक के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जाती है। यह कहा विकासखंड सभागार में आयोजित बीडीसी बैठक में मौजूद सदस्यों ने। सदस्यों ने क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
विज्ञापन

गंगोलीहाट विकासखंड सभागार में ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पानी, स्वास्थ्य, सड़कों के मुद्दे छाए रहे। जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कुंतोल के प्रधान संजय बिष्ट ने कहा क्षेत्र की बड़ी आबादी पानी के लिए तरस रही है और बेलपट्टी पंपिंग योजना का काम पूरा नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि योजना से अनेक गांव वंचित हैं उन्हें भी जोड़ा जाए। उन्होंने लंबे समय से बदहाल नैनी-पव्वाधार सड़क के सुधारीकरण की भी मांग की। धनौली के प्रधान चंदन बोरा ने जल जीवन मिशन में गांव के वंचित परिवारों को जोड़ने और राम मंदिर में सोलर प्लांट लगाकर पानी देने की मांग की।
बीडीसी सदस्य प्रकाश सिंह भंडारी ने बासुकीनाग पंपिंग योजना की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद योजना का काम पूरा नहीं हो रहा है। जल निगम ने योजना के लिए धन न होने की बात कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि राज्य सरकार अपने हिस्से का 1200 करोड़ दे चुकी है। उन्होंने धन न मिलने पर केंद्र के पाले में गेंद डाल दी। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि हर बैठक में समस्याएं उठाई जाती हैं लेकिन उनका समाधान नहीं होता है। सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनका गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीओ पंचायत हेम पाठक, डीडीओ रमा गोस्वामी, एसडीएम अंकित राज, पूर्व विधायक नारायण राम आर्या, कनिष्ठ उप प्रमुख कविता डोबाल, डॉ. मंजू असवाल, डॉ. उमाकांत समेत विभागीय अधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
विज्ञापन

सीएचसी में चिकित्सकों की तैनाती की मांग
सदस्यों ने सीएचसी में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। प्रधान पवन जोशी ने रेडियोलॉजिस्ट समेत अन्य चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की। उन्होंने कहा कि रेडियोलॉजिस्ट न होने से अल्ट्रासाउंड मशीन जंग खा रही है और क्षेत्र के मरीज, गर्भवतियां जांच के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर काट रहे हैं। प्रधान संजय राठौड़ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गणाई का जल्द उच्चीकरण करने की मांग रखी। ज्येष्ठ उप प्रमुख रविंद्र डसीला ने देवराड़ी पंत मोटर मार्ग में टूटे कलवर्ट को ठीक करने की मांग की। बुरसम के प्रधान दयाल नाथ ने बुरसम, डंड़े और रामेश्वर सड़क, गणेश जोशी ने आंवला घाट मोटर मार्ग को ठीक करने की मांग उठाई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें