पिथौरागढ़। नगर पालिका क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए शासन स्तर से 636.99 लाख रुपये की राशि स्वीकृति मिली है। राशि स्वीकृत होने से नगर में कूड़े की समस्या से निजात मिलेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि नगरीय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का प्रस्ताव शासन से मंजूर हो गया है। उन्होंने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 8.26 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी गई थी।
इसमें शासन से 6.36 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। इसके पहले चरण के कार्य के लिए 4.14 करोड़ रुपये अवमुक्त हो गए हैं। उन्होंने बताया कि भूमिगत कूड़ेदान बनाने के लिए 1.32 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था।
इसमें नगर के 10 स्थानों महात्मा गांधी तिराहा, जिला चिकित्सालय, जीआईसी, रई पुल, झूलाघाट तिराहा, केएमओयू स्टेशन, बस स्टेशन, डिग्री कॉलेज गेट, विकास भवन, एंचोली बाजार, देव सिंह मैदान के पास भूमिगत कूड़ेदान बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पशुवधशाला के निर्माण के लिए 73.63 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था। इसके सापेक्ष 29.45 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। पालिकाध्यक्ष ने राशि स्वीकृति करने के लिए सरकार का आभार जताया है।
लावारिस कुत्तों के बधियाकरण के लिए मिले 28 लाख
पिथौरागढ़। लावारिस कुत्तों के बधियाकरण के लिए शासन से 71.16 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था। इसमें नगर पालिका को पहली किश्त के तौर पर 28.46 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है।
बधियाकरण से आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित होेने की उम्मीद है। अवस्थापना निधि के 22 कार्यों के लिए 3.50 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी गई है।
99.52 लाख रुपये से बनेगा वाटर पार्क
पिथौरागढ़। चंडाक स्थित मैग्नेसाइट फैक्ट्री के पास नगर पालिका वाटर पार्क बनाएगी। पालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इसके लिए शासन को 99.52 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा है। इसमें जल संरक्षण के लिए कार्य किया जाएगा। वाटर पार्क बनने से पर्यटन संबंधी गतिविधियां बढ़ेंगी।