पिथौरागढ़ में एनसीसी के 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में मौजूद विभिन्न जिलों से आए कैडेट।
पिथौरागढ़। 80वीं उत्तराखंड एनसीसी वाहिनी का 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर बुधवार को जवाहर नवोदय विद्यालय मरसोली भाट में शुरू हुआ। उद्घाटन अवसर पर वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल देवेश सिंह ऐरी ने कैडेटों से कहा कि एनसीसी में संचालित होने वाले शिविर व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में मददगार होते हैं।
शिविर में जनपद पिथौरागढ़ तथा चंपावत के 426 कैडेट तथा इंटर डायरेक्टेड स्पोर्ट्स शूटिंग चैंपियनशिप के लिए ग्रुप नैनीताल की टीम का चयन करने के लिए अल्मोड़ा, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर जनपदों के 74 कैडेट हिस्सा ले रहे हैं। बटालियन के एनसीसी अधिकारी बीआर कोहली ने बताया कि इस शिविर में इंटर डायरेक्टरेट स्पोर्ट्स शूटिंग चैंपियनशिप के लिए शूटिंग टीम, आपदा काल में सहयोग करने के लिए 50 युवा आपदा मित्र चुने जाएंगे। वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग कर रहे कैडेटों को ड्रिल, मैप रीडिंग, युद्ध कौशल, फील्ड क्राफ्ट, योग, हेल्थ और हाइजीन, हथियार प्रशिक्षण, फायरिंग आदि का व्यापक जमीनी प्रशिक्षण दिया जाएगा। खेल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। उद्घाटन अवसर पर बटालियन के सूबेदार मेजर गंगा सिंह, कैंप एडजुटेंट जीवन कापड़ी, एनसीसी अधिकारी उमेश जोशी, ललित मोहन जोशी, रेखा चौहान, मुकेश गहतोड़ी, सूबेदार हरेंद्र सिंह, श्रीप्रसाद गुरुंग, ट्रेनिंग जेसीओ दर्शन सिंह, नायब सूबेदार वीरेंद्र सिंह, एडम ऑफिसर हयात सिंह कुंजवाल आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद