पिथौरागढ़ में राज्य स्तरीय अंडर-17, 19 बालिका-बालक फुटबाल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। पिथौरागढ़, नैनीताल, देहरादून की टीम ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले चरण में प्रवेश कर लिया है।
जीआईसी के खेल मैदान में प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक मयूख महर ने किया। बृहस्पतिवार को उद्घाटन मैच अंडर-19 बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ और चंपावत की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ी कोई गोल नहीं कर सके, जिस कारण मैच गोलरहित खत्म हुआ। अंडर-19 बालक वर्ग में पहला मैच नैनीताल और अल्मोड़ा की टीमों के बीच हुआ।
नैनीताल ने शानदार खेल दिखाते हुए अल्मोड़ा को 7-0 गोल से हराया। अंडर-19 बालक वर्ग में दूसरा मुकाबला चमोली और स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून के बीच हुआ। स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून ने 2-0 गोल से मैच जीता लिया। अंडर-19 बालक वर्ग में तीसरा मैच पिथौरागढ़ और चंपावत के बीच हुआ। इस कड़े मुकाबले में पिथौरागढ़ ने चंपावत को 2-1 से शिकस्त दी। वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग का मुकाबला पौड़ी और देहरादून के बीच हुआ। इस मैच में कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई।
उद्घाटन समारोह में पिथौरागढ़ के व्यायाम शिक्षकों ने नैनीताल के खेल समन्वयक अरविंद चौधरी को सेवानिवृत्ति पर प्रतीक चिन्ह भेंट किया। मैचों को संपन्न कराने में आनंद सिंह रावत, भूपेंद्र चौहान, भुवन उप्रेती, महिपाल सिंह, दिनेश, अमित, प्रकाश पाल आदि ने सहयोग किया। मुख्य शिक्षाधिकारी अशोक जुकरिया, बॉक्सर धर्म चंद, जिला क्रीड़ाधिकारी विनोद सिंह वल्दिया, प्रधानाचार्य प्रकाश पंत, तिलकराज जोशी आदि उपस्थित थे।