नैनीसैनी हवाईपट्टी का निरीक्षण करता अधिकारियों का दल
- फोटो : अमर उजाला
नैनीसैनी हवाईपट्टी से व्यावसायिक उड़ान शुरू करने की तैयारी होने लगी है। केंद्रीय नागर विमानन महानिदेशालय से लाइसेंस एवं अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया के क्रम में बृहस्पतिवार को प्रदेश के नागरिक उड्डयन सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम और अपर सचिव आर राजेश कुमार ने केंद्रीय नागर विमानन महानिदेशालय के एयरो इंस्पेक्टर एसके सिंह, सहायक निदेशक विष्णु राम, प्रमोद कुमार के साथ नैनीसैनी हवाईपट्टी का निरीक्षण किया। केंद्रीय नागर विमानन महानिदेशालय की टीम दो दिन तक यहां रुकेगी और अपनी रिपोर्ट उत्तराखंड सरकार को उपलब्ध कराएगी।
नागरिक उड्डयन सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि राज्य की नैनीसैनी, चिन्यालीसौड़ एवं पंतनगर हवाईपट्टी से नियमित उड़ान शुरू करने के लिए विमानन महानिदेशालय से लाइसेंस और अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है। इसीलिए विमानन महानिदेशालय की टीम का यहां दौरा तय हुआ है। उन्होंने बताया कि नैनीसैनी से चार्टड विमान चलाने पर विचार चल रहा है। कोशिश की जा रही है कि इस माह के अंत तक सारी औपचारिकताओं को पूरा कर विमान सेवा शुरू कर दी जाए। इस दौरान अधिकारियों ने नैनीसैनी हवाईपट्टी, टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया। प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि नैनीसैनी हवाईपट्टी तकनीकी तौर पर फिट है और यहां से उड़ान शुरू करने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी।
बता दें कि नैनीसैनी हवाईपट्टी का निर्माण 1993 में हो गया था। तब से हवाईपट्टी का दो बार विस्तारीकरण कर दिया गया है, लेकिन अब तक उड़ान शुरू नहीं हो पाई। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि सीमांत के लोगों को जल्द ही हवाईसेवा का लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान प्रभारी डीएम आशीष चौहान, एडीएम मोहम्मद नासिर, अवस्थापना विकास निगम के जीएम आरपी उनियाल, परियोजना प्रबंधक आकाश कुमार, राइट्स कंपनी के टीम लीडर शिव कुमार सहगल, एसडीएम संतोष पांडे, सीओ हिमांशु साह आदि थे।