लक्ष्मण को मैन आफ द मैच का पुरस्कार देते मुख्य अतिथि
- फोटो : अमर उजाला
देवसिंह मैदान में जारी स्व. ओमकार गुप्ता मेमोरियल जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में नैनीभनार और पंचाचूली की टीम ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में पहला मैच नैनीभनार और फ्रैंड्स क्लब के बीच हुआ। मुख्य अतिथि डीसीए के सचिव किशोर जोशी ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। नैनीभनार ने 15 ओवर में 198 रन बनाए। भीम ने 68 और बाघा ने 45 रनों का योगदान दिया। दिनेश ने 2 विकेट लिए। जवाब में फ्रैंड्स क्लब की टीम 80 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। गौरव ने 26 रन बनाए। नैनीभनार ने 118 रन से मैच जीता। मैन ऑफ द मैच नैनीभनार के भीम को दिया गया। अंपायर राजेंद्र, दीपक राजपूत और स्कोरर संजू थे। कमेंट्री प्रकाश ने की।
दूसरा मैच राईजिंग स्टार और पंचाचूली की टीम के बीच हुआ। मुख्य अतिथि एसबी क्लब के अध्यक्ष ललित बोहरा ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया। पंचाचूली ने 15 ओवर में 3 विकेट खोकर 158 रन बनाए। लक्ष्मण ने 62 और कमल ने 31 रन बनाए। जवाब में राईजिंग स्टार की टीम 15 ओवर में 89 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पंचाचूली ने 69 रन से मैच लिया। दीपक ने 14 और योगेश ने 31 रन बनाए। मनोज और जीतू ने 2-2 विकेट लिए। अंपायर मनोज, प्रवीन मुडेला और स्कोरर संजय रावत थे। कमेंट्री प्रकाश बिष्ट ने की। लक्ष्मण को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। डीसीए के अध्यक्ष तपन रावत ने बताया कि 8 फरवरी से क्वार्टर फाइनल मुकाबले होंगे।
पिथौरागढ़ की टीम फाइनल में पहुंची
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। स्व. चारू चंद्र पाठक मेमोरियल बैडमिंटन प्रतियोगिता में 40 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ियों की स्पर्धा में पिथौरागढ़ की टीम ने डीडीहाट को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। एसएसबी बैडमिंटन कोर्ट में चल रही बैडमिंटन प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में पिथौरागढ़ की टीम के खिलाड़ियों ने पहले ही सेट से बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर मुकाबले में अपनी पकड़ बना ली। दूसरे और तीसरे सेट में भी पिथौरागढ़ के शटलर छाए रहे। मुकाबला पिथौरागढ़ ने 15-12, 15-11, 15-10 से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। निर्णायक किशोर साह, स्कोरर शेखर कफलिया थे।