मुनस्यारी/नाचनी (पिथौरागढ़)। 24 जून से बंद थल-मुनस्यारी सड़क में रविवार शाम से छोटे वाहनों के लिए खुल गया है, लेकिन सड़क अब भी खतरनाक बनी हुई है। उधर, नाचनी के बांसबगड़ से कोटा जाने वाली सड़क पांच दिन से बंद है। सड़क बंद होने से कोटा क्षेत्र के लोग परेशान हो गए हैं।
थल-मुनस्यारी सड़क में रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे छोटे वाहनों के लिए यातायात बहाल हो गया है। 24 जून को मुनस्यारी के बेटुलीधार में 30 मीटर सड़क बह गई थी। लोनिवि ने पहाड़ी को काटकर सड़क तैयार की है। पहाड़ी को काटकर बनी सड़क में कीचड़ पसरा है, जिस कारण यातायात संचालन में दिक्कत आ रही है। वाहन रपटने का खतरा बना हुआ है।
बड़े वाहन न चल पाने से मुनस्यारी में सामान की कमी होने लगी है। उधर, नाचनी के बांसबगड़ से कोटा के लिए जाने वाली सड़क मलबा गिरने से 23 जून से बंद पड़ी है। सड़क पीएमजीएसवाई डिवीजन के अधीन है। विभाग ने सड़क को खोलने के कोई प्रयास नहीं किए हैं।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बंद सड़कों को तत्काल खोलने और संवेदनशील सड़कों में हर समय डोजर और अन्य मशीनें तैनात करने के निर्देश दिए हैं। कोटा के प्रधान वीरेंद्र सुयाल का कहना है कि सड़क बंद होने से लोगों को कई किलोमीटर की यात्रा पैदल करनी पड़ रही है। सामान सिर में ढोना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। सड़क बंद होने का मामला मुख्यमंत्री के सामने रखा जा रहा है। लोनिवि पीएमजीएसवाई डिवीजन के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल ने कोटा सड़क को जल्द खोलने की बात कही है। थल-मुनस्यारी सड़क सोमवार को क्वीटी और हरड़िया में सुबह 9 बजे तक बंद रही।