मुनस्यारी में चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनशन जारी
- फोटो : अमर उजाला
सड़कों की दशा सुधारने की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनशन सोमवार को दूसरे दिन भी जारी है। पांच लोगों ने एक साथ आमरण अनशन शुरू किया है। सोमवार को तहसीलदार खुशाल राम ने आंदोलनकारियों से बात की। डा. हेमंत मर्तोलिया और फार्मेसिस्ट उमेद सिंह कोरंगा ने अनशनकारियों के स्वास्थ्य की जांच की।
ग्रामीणों की मांग है कि मदकोट से जोशा तक पीएमजीएसवाई के तहत बन रही सुधारीकरण कर वाहनों के चलने लायक बनाया जाए, मदकोट से दारमा तक सड़क के दूसरे चरण का काम शुरू किया जाए, जोशा से गांधीनगर तक स्वीकृत सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया जाए, जोशा से ढूनामानी तक सड़क का निर्माण जल्दी पूरा किया जाए।
अनशन पर मदकोट पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष चरण सिंह महरा, जोशा के प्रधान बसंत राम, उत्तम सिंह मेहरा, बलवंत जोशाल और कैलाश झिक्वान बैठे हैं। अनशनकारियों को सभी राजनैतिक दलों का समर्थन मिल रहा है। अनशन स्थल पर हुई सभा में कहा गया कि सरकार और प्रशासन ने लोगों को जानबूझकर आंदोलन के लिए विवश किया है। यदि सड़कों की समस्या समय पर हल हो जाती तो आंदोलन की नौबत नहीं आती।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि चुनाव अधिसूचना जारी होने से पहले सड़कों का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो यह मामला चुनाव संपन्न होने तक लटक जाएगा। वर्षों से यातायात सुविधा की मांग कर रहे लोगों की समस्या हल नहीं हो पाएगी। इधर, 24 घंटे से अन्न, जल ग्रहण न करने के कारण पांचों लोगों के स्वास्थ्य में गिरावट आने लगी है। ब्लाक प्रमुख नरेंद्र रावत भी आंदोलन के समर्थन में धरने पर बैठे।