पिथौरागढ़। मुनस्यारी ब्लाॅक के बांसबगड़ न्याय पंचायत के खेतभराड़ सहित 15 अन्य गांवों में पिछले चार दिनों से बिजली नहीं है इस कारण खेतभराड़ ग्राम पंचायत के 12 बोर्ड परीक्षार्थी रात में सोलर स्ट्रीट लाइट के नीचे पढ़ाई करने के लिए मजबूर हैं। लोगों ने यूपीसीएल से विद्युत व्यवस्था शीघ्र सुचारु करने की मांग की है।
वर्तमान में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा चल रही हैं लेकिन बिजली नहीं होने से खेतभराड़ के बच्चों को बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करने में दिक्कत हो रही है। वह पिछले चार दिनों से रात के समय गांव में घर के बाहर लगी सोलर स्ट्रीट लाइट के नीचे आग जलाकर पढ़ाई करने के लिए मजबूर हैं।
पूर्व सीएम हरीश रावत के प्रतिनिधि हीरा सिंह चिराल का कहना है कि बांसबगड़ न्याय पंचायत में बिजली नहीं होने से लोगों को दिक्कत हो रही है। लोग अपना मोबाइल फोन तक चार्ज नहीं कर पा रहे हैं। अगर विद्युत व्यवस्था शीघ्र बहाल नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
सड़क कटिंग के दौरान क्षतिग्रस्त हुई थी बिजली की लाइन
पिथौरागढ़। बांसबगड़-खेतभराड़ सड़क निर्माण के दौरान चार दिन पहले 300 मीटर बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी जिस कारण खेतभराड़ सहित 15 अन्य गांवों में बिजली गुल है। संवाद
मौसम के लगातार खराब होने से लाइन की मरम्मत करने में दिक्कत हो रही है। मौसम साफ होने पर बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। -गिरीश आर्या, उपखंड अधिकारी यूपीसीएल मुनस्यारी।