पेंशन के साथ डीए का भुगतान, एसीपी के अवशेष एरियर और सेवानिवृत्त कर्मियों को अवशेष पेंशन का भुगतान समेत पांच मांगों को लेकर पालिका के रिटायर्ड कर्मचारियों का धरना बुधवार को भी जारी रहा। नगर पालिका अध्यक्षा लक्ष्मी पांडेय के पति समाजसेवी धर्मानंद पांडेय और पूर्व पालिका उपाध्यक्ष शंकर पाल भी पालिका के रिटायर्ड कर्मचारियों के आंदोलन के समर्थन में आगे आए हैं।
पालिका के रिटायर्ड कर्मचारी पिछले नौ दिनों से धरना-प्रदर्शन पर डटे हुए हैं। पेंशन के साथ डीए का भुगतान, एसीपी के अवशेष एरियर और सेवानिवृत्त कर्मियों को अवशेष पेंशन का भुगतान, हर माह की एक तारीख को पेंशन देने समेत पांच मांगें उठाई हैं। पालिकाध्यक्ष के पति धर्मानंद का कहना है कि सेवानिवृत्ति के बाद भी रिटायर्ड कर्मियों को भुगतान न मिलना उनके साथ नाइंसाफी है।
इधर पालिका प्रशासन का कहना है कि पालिका के पास बजट नहीं है। आय के स्रोत भी सीमित हैं। देयकों का भुगतान निपटाने को पालिका ने बजट के लिए शासन को कई बार पत्र लिखा जा चुका है। धरने पर उदय सिंह, मंत्री राकेश बाल्मीकि, खलीक अहमद, जगन्नाथ, श्रीपद, रामकुमार आदि बैठे।