मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर हिमपात
- फोटो : पिथौरागढ़
उच्च हिमालयी क्षेत्र में लगातार हिमपात जारी है। बर्फबारी से निचले इलाकों में ठंड काफी बढ़ गई है।
मुनस्यारी के उच्च हिमालयी चोटियों पंचाचूली, राजरंभा, हंसलिंग, मिलम, नंदा देवी आदि जगहों पर रुक-रुक कर हिमपात जारी है। इस सीजन में लगातार बर्फबारी होने से निचले इलाकों में ठंड काफी है। क्षेत्र में पिछले 24 घंटे का न्यूनतम तापमान माइनस दो और अधिकतम 11 डिग्री रहा। कालामुनि, बेटुलीधार और बलांती में बर्फ देखने के लिए पर्यटकों की भीड़ लगी हुई है।
काफी संख्या में पर्यटक हिमालय की वादियों का लुत्फ उठा रहे हैं। इधर, जिला मुख्यालय समेत कनालीछीना, डीडीहाट, बेड़ीनाग, अस्कोट आदि जगहों पर लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को सुबह से ही बादल छाए रहे, हालांकि दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप खिली लेकिन बाद में फिर से आसमान बादलों से पट गया। इससे बारिश की संभावना बनी हुई है।